रायपुर 30 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ सरकार ने सुशासन को डिजिटल माध्यम से और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। आज छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (CHiPS) द्वारा विकसित उन्नत ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म ‘सेवा सेतु’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस आधुनिक प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब प्रदेश के नागरिकों को 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी। आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र जैसी आवश्यक सेवाओं सहित कई अन्य सुविधाओं का लाभ अब लोग घर बैठे ही आसानी से उठा सकेंगे।
सरकार ने इस प्लेटफॉर्म को आमजन के लिए और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और व्हाट्सएप जैसी आधुनिक तकनीकों को भी शामिल किया है। इससे खासतौर पर गांवों में रहने वाले किसान, श्रमिक और महिलाओं तक सेवाओं की पहुंच और आसान हो जाएगी।
सरकार का कहना है कि ‘सेवा सेतु’ के जरिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शासन की हर सेवा समाज के अंतिम व्यक्ति तक समान रूप से पहुंचे और प्रदेश में समावेशी विकास को बढ़ावा मिले।
यह पहल डिजिटल गवर्नेंस के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

