कोरबा 1 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। श्री हनुमंत कथा के माध्यम से सनातन की बयार बहाने कोरबा पहुंचे बागेश्वर सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा के चौथे दिवस रात्रि लगभग 9 बजे अपना घर सेवा आश्रम पहुंचकर वहां के सेवाकार्यों को सराहा और आश्रम परिवार को कृतार्थ किया।
आश्रम आगमन पर पंडित शास्त्री का स्वागत तिलक-वंदन एवं आरती के साथ प्रभजोत मुखर्जी द्वारा किया गया। इसके पश्चात सेवा आश्रम से जुड़े सदस्यों ने आत्मीयता के साथ उनका अभिनंदन किया।
इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने आश्रम में रह रहे मानसिक रूप से कमजोर एवं अनाथ बच्चों की सेवा को अत्यंत सराहनीय बताया। उन्होंने राणा मुखर्जी एवं उनकी धर्मपत्नी के सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार का निस्वार्थ कार्य ईश्वर की विशेष कृपा से ही संभव होता है और इसका पुण्य फल अवश्य प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि “जो कुछ भी हो रहा है, वह सब ईश्वर की इच्छा और कृपा से ही संभव है।”
पंडित शास्त्री ने अपना घर सेवा आश्रम की निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उपस्थित सभी लोगों को आशीर्वचन प्रदान किया।
इस अवसर पर राणा मुखर्जी, प्रभजोत मुखर्जी सहित परिवारजन एवं आश्रम से जुड़े विजय राठौर, डॉ. प्रिंस जैन, पी. के. दत्ता, अमरजीत सिंह, शैलेन्द्र कुमार, अविनाश दुबे, ऋषभ शुक्ला, शीला सिंह, राजश्री अय्यर, विनीता सहित समस्त आश्रम परिवार के सदस्य एवं दानदाता उपस्थित रहे।


