KORBA: जमीन विवाद में तार-तार हुआ भाईचारा, बड़े भाई ने लाठी से पीटकर की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

 

कोरबा 5 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के पोड़ी उपरोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सेन्हा (छपार पारा) में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। बड़े भाई ने छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद फरार आरोपी को पसान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 12 बजे दयाराम यादव महुआ बीनकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान उसका अपने बड़े भाई कल्याण यादव से जमीन बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने घर में रखी लाठी से दयाराम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले के दौरान आरोपी ने दयाराम के सिर, नाक, पीठ और पैरों पर गंभीर वार किए। जान बचाने के लिए भाग रहे दयाराम को आरोपी ने पकड़कर जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया।

अस्पताल में मौत:

परिजनों द्वारा घायल दयाराम को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल गौरेला रेफर किया गया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई:

घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। प्रार्थी बैसाखू यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पसान थाना पुलिस ने लगातार आरोपी की तलाश जारी रखी।

ग्राम स्तर पर सूचना तंत्र और व्हाट्सएप समूह (ग्राम रक्षा दल) से मिली सूचना के आधार पर आरोपी के ग्राम साढामार के आसपास छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने जमीन विवाद के चलते हत्या करना स्वीकार कर लिया। 4 अप्रैल 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:

इस पूरे मामले में पसान थाना पुलिस की टीम ने सूझबूझ और सक्रियता दिखाते हुए फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया, जिससे मामले का शीघ्र खुलासा हो सका।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2