महज 15 हजार की लेनदारी बनी मौत की वजह, आत्महत्या के लिए उकसाने वाला आरोपी गिरफ्तार

 

कोरबा 24 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में की गई।

ढेंगुरनाला कोहड़िया में आत्महत्या मामले का खुलासा

थाना सिविल लाइन रामपुर अंतर्गत चौकी सीएसईबी क्षेत्र के ग्राम ढेंगुरनाला कोहड़िया निवासी बसंत पटेल (40 वर्ष) द्वारा 10 मई 2026 को आत्मघाती कदम उठाए जाने की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

जांच के दौरान गवाहों, परिजनों और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने मृतक से ₹15,000 की राशि उधार ली थी, जिसे वापस नहीं किया गया। लगातार रकम लौटाने को लेकर विवाद, मानसिक दबाव और प्रताड़ना से मृतक गहरे तनाव में था, जिसके चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया।

वैज्ञानिक साक्ष्यों ने खोला राज

पुलिस ने मामले की गहन विवेचना करते हुए घटनास्थल निरीक्षण, गवाहों के बयान, तकनीकी विश्लेषण, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। वैज्ञानिक प्रमाणों ने आरोपी की भूमिका स्पष्ट कर दी।

आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी नीलकुमार चौहान (36 वर्ष) निवासी ग्राम महेदी, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा (हाल मुकाम ढेंगुरनाला कोहड़िया, कोरबा) को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं के तहत न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

कोरबा पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना, अपराध या अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, चौकी या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। जनसुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस लगातार सक्रिय और सतर्क है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2