कोरबा 24 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के बांगो थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांधी नगर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मामूली घरेलू विवाद ने उस वक्त खौफनाक रूप ले लिया, जब खाना बनाने को लेकर पति-पत्नी के बीच शुरू हुई कहासुनी हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में बेकाबू पति ने डंडे से हमला कर पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मानिकपुर गांधी नगर निवासी बलिराम मरावी दोपहर में काम से घर लौटा था। घर पहुंचने पर खाना तैयार नहीं मिलने से वह नाराज हो गया। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी संगीता मरावी से विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि बलिराम ने पास में रखा डंडा उठाकर पत्नी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। घटना के दौरान आरोपी का बुजुर्ग पिता भी घर में मौजूद था।
घटना के बाद पड़ोसियों को सूचना दी गई और घायल संगीता को घर के बाहर छांव में लिटाया गया। पुलिस को भी तत्काल सूचना दी गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर चोटों के कारण संगीता ने दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका का बेटा गांव गया हुआ था। सूचना मिलने पर जब वह घर पहुंचा तो मां की हालत देख स्तब्ध रह गया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति घटनास्थल पर ही शव के पास बैठा रहा।
सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही फॉरेंसिक और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

