कोरबा 11 अक्टूबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कोरबा शहर की बहुप्रतीक्षित परियोजना संजय नगर वायशेप अंडरब्रिज के निर्माण कार्य का शनिवार को उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में शुभारंभ किया गया। इस अंडरब्रिज के निर्माण से रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने के कारण होने वाली परेशानी से शहरवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। परियोजना के लिए जिला खनिज न्यास (DMF) मद से 30 करोड़ 96 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।
गौरतलब है कि पिछले 15 वर्षों से संजय नगर रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने के कारण आम नागरिकों, व्यापारियों और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन की पहल पर अंडरब्रिज निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कराई गई।
इस अवसर पर उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिला खनिज न्यास मद के माध्यम से कोरबा जैसे खनिज बहुल क्षेत्रों को विकास कार्यों के लिए महत्वपूर्ण संसाधन उपलब्ध कराए हैं। इस राशि से कोरबा नगर और जिले में बड़े प्रोजेक्ट के साथ-साथ छोटे-छोटे विकास कार्यों को भी धरातल पर उतारा जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। इसी कड़ी में संजय नगर वायशेप अंडरब्रिज के लिए राशि स्वीकृत कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया गया है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि सरकार विश्वास और विकास के संकल्प के साथ महत्वपूर्ण परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। इस परियोजना के दायरे में आने वाली शासकीय भूमि पर बने मकानों के स्वामियों को क्षतिपूर्ति राशि प्रदान की गई है। उन्होंने बताया कि यह वायशेप अंडरब्रिज एक ओर कोतवाली क्षेत्र को जोड़ेगा, वहीं दूसरी ओर रेलवे स्टेशन तक पहुंचने का रास्ता सुगम बनाएगा। निर्माण कार्य लगभग 12 से 15 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। इसके पूरा होने से लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
मंत्री देवांगन ने यह भी बताया कि सुनालिया पुल से राताखार की ओर नहर के किनारे एक वैकल्पिक मार्ग और पुल का निर्माण 22 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित है। इसकी तैयारियां भी पूरी की जा रही हैं।
लंबे समय से चली आ रही समस्या का होगा समाधान
कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि संजय नगर वार्ड से उनका पुराना जुड़ाव रहा है और वे यहां से पार्षद भी रह चुकी हैं। रेलवे फाटक के बार-बार बंद होने से क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से परेशानी हो रही थी। उन्होंने कहा कि उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में इस महत्वपूर्ण परियोजना की नींव रखी गई है। अंडरब्रिज बनने से आवागमन सुगम होगा और रेलवे फाटक के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि पुराना शहर लंबे समय से रेलवे फाटक की समस्या से जूझ रहा था। व्यापारी वर्ग सहित बड़ी आबादी को फाटक बंद होने पर घंटों इंतजार करना पड़ता था। कई बार लोगों को वापस पुराने बस स्टैंड की ओर जाकर दर्री रोड और नहर मार्ग से होकर गुजरना पड़ता था। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन की सरकार में इस महत्वपूर्ण अंडरब्रिज की सौगात मिल रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।
ऐसा होगा संजय नगर वायशेप अंडरब्रिज
परियोजना के तहत अंडरब्रिज की कुल लंबाई 455 मीटर निर्धारित की गई है। इसके प्रमुख तकनीकी विवरण इस प्रकार हैं:
आरयूबी की कुल लंबाई: 455 मीटर
बॉक्स की लंबाई: 28.80 मीटर
बॉक्स की ऊंचाई: 4.50 मीटर
पुल की चौड़ाई: 8.50 मीटर
कैरेजवे की चौड़ाई: 7.50 मीटर
यू-टाइप रिटर्न की लंबाई: 426.20 मीटर
सुनालिया ज्वेलर्स की ओर: 175.60 मीटर
रेलवे स्टेशन की ओर: 125.60 मीटर
पुरानी बस्ती की ओर: 125 मीटर
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
शुभारंभ कार्यक्रम में नगर निगम सभापति नूतन ठाकुर, रायपुर संभाग के सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे, पार्षद श्रीमती सुलोचना यादव, श्रीमती सुषमा साहू, उपेंद्र पटेल, युगल कैवर्त, नरेंद्र देवांगन, श्रीमती रूबी सागर, अजय चंद्रा, प्रेम साहू, सरोज शांडिल्य, मथुरा चंद्र, श्रीमती भानुमति जायसवाल, दिनेश शर्मा, पंकज देवांगन, ईश्वर पटेल, रामाधार पटेल, लक्ष्मण श्रीवास, मुकुंद कंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा, मनीष मिश्रा, राजेश राठौर, मनोज लहरे, परविंदर सिंह, राकेश नागरमल, सुशील गर्ग, आत्माराम गंधर्व, विजय गुप्ता, रामशंकर साहू, श्रीमती पूर्णिमा पासवान, दयाशंकर यादव सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

