सक्ती, 30 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)।बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने सक्ती जिले के प्रवास के दौरान विकासखंड मालखरौदा स्थित जनपद पंचायत कार्यालय का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित जनकल्याणकारी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जनपद पंचायत भवन का भ्रमण कर विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। संभागायुक्त श्री जैन ने कार्यालय में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं, प्रशासनिक कार्यप्रणाली तथा विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने जनपद पंचायत कार्यालय परिसर पर निर्माणाधीन प्रशिक्षण भवन का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत में संचालित व्यवस्थाओं के सुव्यवस्थित संचालन की सराहना करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन, उप आयुक्त श्रीमती स्मृति तिवारी, उप आयुक्त श्री चौहान, अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, जनपद पंचायत मालखरौदा के अध्यक्ष श्री कवि वर्मा, ग्राम पंचायत बंदोरा के सरपंच सहित जनप्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

