कोरबा 23 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के ग्राम पंचायत उरगा के पंचायत भवन मोहल्ले में आकाशीय बिजली गिरने से विद्युत ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली गुल होने के कारण ग्रामीणों को अंधेरे में रात बिताने की चिंता सताने लगी थी। लगातार बारिश के बीच जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा भी बना हुआ था।
ग्रामीणों ने इस समस्या की जानकारी जनपद सदस्य चन्द्रकांता कृष्णा राजपूत को दी। सूचना मिलते ही जनपद सदस्य चन्द्रकांता कृष्णा राजपूत ने तत्काल विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संपर्क कर ट्रांसफार्मर बदलवाने की पहल की। सूचना मिलते ही विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 7 घंटे के भीतर नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी। अंधेरा होने से पहले ही क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था सामान्य हो गई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
समय पर हुई इस कार्रवाई से प्रभावित ग्रामीणों ने जनपद सदस्य एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि त्वरित पहल के कारण उन्हें बड़ी परेशानी से राहत मिली।

