सक्ती, 30 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान अंतर्गत बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो, जिला पंचायत सी ई ओ श्री वासु जैन एवं अन्य अधिकारियों के साथ कॉलेज ग्राउंड जेठा में पौधरोपण कर आमजन को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संदेश दिया। अभियान के तहत बिलासपुर संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने कॉलेज ग्राउंड जेठा परिसर पर आँवला का पौधा, कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो ने कदम का पौधा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री वासु जैन ने बादाम का पौधा तथा अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा ने नीम का पौधा रोपित किया।
इस अवसर पर संभागायुक्त श्री सुनील जैन ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक नागरिक को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए पौधरोपण करना चाहिए तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण भी उपलब्ध कराते हैं। इस अवसर पर अन्य उपस्थित अधिकारियों ने भी पौधरोपण किया । इस दौरान अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम सहित वन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

