कोरबा, 27 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर 28 जुलाई 2026 (मंगलवार) को लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में हेपेटाइटिस (यकृत शोथ) एवं लिवर संबंधी रोगों की रोकथाम, उपचार और जागरूकता के उद्देश्य से निःशुल्क आयुर्वेद एवं योग चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पतंजलि चिकित्सालय, श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में आयोजित होगा।
लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के सचिव लायन प्रत्युष सक्सेना ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 28 जुलाई को विश्व हेपेटाइटिस दिवस मनाने का उद्देश्य लोगों को यकृत शोथ (हेपेटाइटिस) के प्रति जागरूक करना, समय पर उपचार के लिए प्रेरित करना तथा इसके कारणों और बचाव के उपायों की जानकारी देना है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए यह विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।
शिविर में छत्तीसगढ़ के सुप्रसिद्ध आयुर्वेद विशेषज्ञ एवं नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार से प्रशिक्षित तथा दो दशक से अधिक के चिकित्सकीय अनुभव रखने वाले डॉ. शर्मा रोगियों की निःशुल्क जांच एवं व्यक्तिगत परामर्श देंगे। साथ ही रोगानुसार योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के व्यावहारिक सुझाव भी प्रदान करेंगे।
शिविर में आने वाले लोगों को यकृत (लिवर) के लिए लाभकारी 'यकृत बूस्टर क्वाथ' निःशुल्क पिलाया जाएगा तथा लिवर को स्वस्थ रखने से संबंधित उपयोगी स्वास्थ्य पुस्तिका भी निःशुल्क वितरित की जाएगी। इसके अलावा आहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या एवं जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण परामर्श भी विशेषज्ञों द्वारा दिए जाएंगे।
लायन प्रत्युष सक्सेना ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। शिविर में पंजीयन एवं समय निर्धारण के लिए मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है, ताकि सभी प्रतिभागियों को सुविधाजनक समय पर परामर्श उपलब्ध कराया जा सके।
.jpg)
