👉 भोजन में कीड़े, एक्सपायरी खाद्य सामग्री और दवाइयां देने का आरोप।
👉 विधायक ने दिए जांच का आदेश।
कोरबा 27 जुलाई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कटघोरा विकासखंड के छुईकला स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में व्याप्त कथित अव्यवस्थाओं को लेकर सोमवार को छात्रों और अभिभावकों का आक्रोश खुलकर सामने आया। शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह का छात्रों ने घेराव कर विद्यालय की बदहाल व्यवस्था से अवगत कराया। कई छात्र अपनी समस्याएं बताते हुए भावुक हो गए और विद्यालय में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच तथा तत्काल कार्रवाई की मांग की।
छात्रों ने जनप्रतिनिधियों के सामने आरोप लगाया कि उन्हें परोसे जाने वाले भोजन में कीड़े मिल रहे हैं तथा एक्सपायरी डेट की खाद्य सामग्री और दवाइयों का वितरण किया जा रहा है। उनका कहना था कि दूषित भोजन और अस्वच्छ पेयजल के कारण कई छात्र खाज-खुजली सहित त्वचा संबंधी बीमारियों से प्रभावित हुए हैं, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।
अभिभावकों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अहमद खान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके संरक्षण में फर्जी नाम से मेस का संचालन किया जा रहा है। साथ ही विद्यालय के वाहनों के कथित दुरुपयोग और मनमानी प्रशासनिक कार्यप्रणाली अपनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने प्राचार्य को तत्काल हटाकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों ने हाल ही में विद्यालय के एक शिक्षक के साथ हुई मारपीट की घटना का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि कटघोरा थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिससे विद्यालय प्रबंधन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रेमचंद पटेल ने मौके पर ही सहायक आयुक्त को पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं छात्रों और अभिभावकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए तो वे व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

