KORBA: तालाब में नहाने गईं तीन सहेलियों की डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

 

कोरबा 18 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान इंदु (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं।

जानकारी के अनुसार, घटना के दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और घर पर ही थीं। उनके परिजन काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। दोपहर के समय तीनों सहेलियां नहाने के लिए अलगू तालाब पहुंचीं। नहाने के दौरान वे तालाब के गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं।

काफी देर तक बच्चियों के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजन और ग्रामीण उनकी तलाश करते हुए तालाब पहुंचे। वहां किनारे पर तीनों बच्चियों के कपड़े और चप्पलें मिलीं। इसी दौरान तालाब में इंदु का शव तैरता हुआ दिखाई दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी तालाब से बरामद कर लिए गए।

घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रारंभिक जांच में तीनों बच्चियों की मौत गहरे पानी में डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शवों को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया गया। तीनों बच्चियों के शव बरामद कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2