KORBA: गणेश चतुर्थी को निहारिका गणेशोत्सव समिति द्वारा दस दिवसीय श्री गणेश कथा का शुभारंभ

 

कोरबा 15 सितम्बर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। विश्व कल्याण की मंगल भावना के पावन उद्देश्य से निहारिका गणेशोत्सव समिति के तत्वावधान में महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में दस दिवसीय श्री गणेश कथा का शुभारंभ सोमवार (गणेश चतुर्थी) को अत्यंत श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ हुआ।

कथा के प्रथम दिवस पर परम पूज्य पंडित श्री देवशरण दुबे जी ने मंगल कलश यात्रा एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ कथा का शुभारंभ करते हुए भगवान श्री गणेश के प्राकट्य, महिमा एवं उनके प्रथम पूज्य बनने की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। गणेश कथा के प्रथम दिवस में व्यासपीठ से परम पूज्य पंडित श्री देवशरण दुबे जी ने भगवान श्री गणेश के प्राकट्य का अत्यंत प्रेरणादायक वर्णन करते हुये बताया कि भगवान श्री गणेश ने अपनी माता पार्वती की आज्ञा का पालन करते हुए अपने प्राणों की भी परवाह नहीं की। मातृ आज्ञा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा और समर्पण के कारण उन्हें अपने प्राणों की आहुति देनी पड़ी, किन्तु उनकी इस महान आज्ञाकारिता से प्रसन्न होकर महादेव जी ने उन्हें पुनः जीवन प्रदान किया। इसके पश्चात समस्त देवताओं ने अपनी-अपनी शक्तियाँ, सिद्धियाँ और आशीर्वाद भगवान गणेश को प्रदान किए, जिसके फलस्वरूप वे सर्वशक्तिमान, बुद्धिमान एवं विघ्नों का नाश करने वाले देवता बने। पंडित देवशरण दुबे जी ने कहा कि भगवान गणेश का जीवन हमें यह शिक्षा देता है कि माता-पिता एवं गुरुजनों की आज्ञा का पालन करने वाला व्यक्ति जीवन में उच्चतम सम्मान और सफलता प्राप्त करता है। गणेश जी की बुद्धिमत्ता, विनम्रता और कर्तव्यनिष्ठा ही उन्हें समस्त देवताओं में प्रथम पूजनीय बनाती है। कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से कथा श्रवण किया तथा गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। अंत में आरती और प्रसाद वितरण के साथ कथा को विराम दिया गया। दश दिवसीय श्री गणेश कथा महानदी काम्प्लेक्स परिसर में दिनाँक 23 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन मध्यान्ह 3 बजे सायं 7 बजे तक होगी। निहारिका गणेशोत्सव समिति एवं सर्वधर्मार्थ कल्याण सेवा समिति ने अंचल वासियों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रथम बार आयोजित इस विशेष श्री गणेश कथा में सहभागी बनकर, सम्मिलित होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने हेतु आग्रह किया है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2