कोरबा 19 सितंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम अरेतरा में शुक्रवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती के शव एक ही स्थान पर पेड़ से फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना की सूचना मिलते ही लेमरू पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान ग्राम अरेतरा निवासी मुकेश यादव और पुनीता मझवार के रूप में हुई है। दोनों के शव एक ही स्थान पर पेड़ से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
ग्रामीणों के बीच दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध होने की चर्चा सामने आ रही है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसका वास्तविक कारण जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। एक ही घटना में युवक-युवती की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
.jpg)
