दशहरा से पहले एक्शन मोड में कोरबा पुलिस, गुंडे-बदमाशों को थाने बुलाकर दी सख्त चेतावनी

 

कोरबा 19 अक्टूबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने और जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को थाने बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई।

पुलिस ने संबंधित लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह के विवाद, मारपीट, हुड़दंग या अशांति फैलाने वाली गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही अपने व्यवहार में सुधार लाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी गई।

पुलिस की ओर से ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं, शांति भंग करने की आशंका वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें पाबंद भी किया गया है, ताकि त्योहार के दौरान किसी अप्रिय घटना की स्थिति निर्मित न हो।

कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी सख्ती

कोरबा पुलिस ने साफ किया है कि दशहरा पर्व के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर विवाद करने, उपद्रव मचाने, कानून व्यवस्था प्रभावित करने या आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में अपराधों में संलिप्त रहे लोगों को विशेष रूप से चेताया गया है कि वे किसी भी गैरकानूनी गतिविधि से दूर रहें।

पुलिस ने नागरिकों से की सहयोग की अपील

कोरबा पुलिस ने जिलेवासियों से दशहरा पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद या असामाजिक तत्व की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना-चौकी अथवा डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2