कोरबा 16 अक्टूबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति एवं महिला मंडल, कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष शरद पूर्णिमा का पर्व पारंपरिक उल्लास और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ मनाया जाएगा। आयोजन के तहत परशुराम भवन में विभिन्न मनोरंजक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। इस पहल का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, संस्कारों और भगवान श्रीराम के आदर्शों को समाज की नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।
मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में शरदोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की गई। बैठक में प्रतिवर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी शरद पूर्णिमा उत्सव को उत्साहपूर्वक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
रामचरितमानस के आदर्शों से जोड़ने की पहल
समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बताया कि श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को रामचरितमानस में निहित जीवन-मूल्यों को समझने और उन्हें अपने आचरण में अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अपनी पसंद की चौपाई का सस्वर वाचन करना होगा। साथ ही चौपाई का अर्थ, भावार्थ और उससे मिलने वाली जीवनोपयोगी सीख को लिखित एवं मौखिक रूप में प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा।
प्रतियोगिता में केवल चौपाई के शुद्ध उच्चारण और वाचन पर ही नहीं, बल्कि उसके भावों की समझ, संदेश की व्याख्या और जीवन में उसकी उपयोगिता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। त्याग, सेवा, मर्यादा, सदाचार, कर्तव्यनिष्ठा और पारिवारिक मूल्यों जैसे आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
चार आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता
प्रतिभागियों को समान अवसर देने के लिए प्रतियोगिता चार आयु वर्गों में आयोजित की जाएगी। इनमें 10 वर्ष तक, 11 से 20 वर्ष, 21 से 50 वर्ष तथा 50 वर्ष से अधिक आयु के प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। प्रत्येक आयु वर्ग में महिला और पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग प्रतिस्पर्धा रखी गई है।
प्रतियोगिता में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। प्रत्येक प्रतिभागी को चयनित चौपाई का सस्वर वाचन करने के साथ उसकी व्याख्या प्रस्तुत करनी होगी तथा लिखित संस्करण जमा करना होगा। प्रस्तुति के लिए अधिकतम 10 मिनट निर्धारित किए गए हैं। मूल्यांकन शुद्ध उच्चारण, भावपूर्ण वाचन, अर्थ एवं भावार्थ की स्पष्टता और चौपाई से मिलने वाली प्रेरणा के आधार पर किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता का आयोजन 25 अक्टूबर 2026, रविवार को रात्रि 8 बजे से होगा। इसमें शामिल होने के इच्छुक प्रतिभागियों को उसी दिन दोपहर 2 बजे तक अपने नाम और चयनित चौपाई का पंजीयन कराना होगा। पंजीयन एवं विस्तृत जानकारी के लिए कार्यक्रम संयोजक नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा से मोबाइल नंबर 9826111738 पर संपर्क किया जा सकता है।
बच्चों और महिलाओं के लिए भी होंगे विशेष आयोजन
शरदोत्सव के अंतर्गत बच्चों और महिलाओं के लिए भी पारंपरिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार की गई है। 23 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को बच्चों के लिए कुर्सी दौड़, बुझो तो जानें और चम्मच दौड़ जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में उत्साह, रचनात्मकता और सहभागिता की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा।
वहीं, 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को महिलाओं के लिए अन्नकूट की थाली, श्रीनाथ जी की रंगोली और आंगन मंडना प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से पारंपरिक कला, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित किया जाएगा। शरदोत्सव के दौरान अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
समाज के सभी वर्गों से सहभागिता की अपील
मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती रेणु पुजारी ने समाज के सभी सदस्यों, बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों से शरदोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने के साथ भारतीय संस्कृति और संस्कारों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बैठक में समिति के सचिव शशि शर्मा, कोषाध्यक्ष सुरेश शर्मा, कार्यकारिणी सदस्य बृजमोहन शर्मा, संजय शर्मा, बिमल जोशी, ललित शर्मा, विजय जोशी, महेंद्र शर्मा, विष्णु शर्मा, विजय शर्मा, रवि शर्मा एवं डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

