कोरबा 6 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कन्नौजिया राठौर समाज सीएसईबी इकाई कोरबा के महिला मंडल ने मंगलवार को दिवाली मिलन समारोह मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ महिलाओं को हल्दी-कुमकुम लगाकर तथा माँ लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर दीप प्रज्वलित करने के साथ हुआ। इस अवसर पर महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती सत्यभामा राठौर ने सभी महिलाओं को दीपावली की शुभकामनाएँ देते हुए आपसी प्रेम, सौहार्द, एकता एवं भाईचारे का संदेश दिया।
समारोह में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस दौरान विभिन्न मनोरंजक खेल एवं गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें सभी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे कार्यक्रम में हंसी-खुशी और उल्लास का माहौल बना रहा।
महिला मंडल की सदस्यों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। व्यस्त जीवनशैली के बीच इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से मिलने, विचार साझा करने तथा आपसी संबंधों को प्रगाढ़ बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सचिव श्रीमती सीमा राठौर एवं कोषाध्यक्ष श्रीमती हीना राठौर ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात स्वादिष्ट स्वल्पाहार एवं सामूहिक मिलन के साथ समारोह का समापन हुआ।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रीमती शकुंतला राठौर, गोदावरी राठौर, सुशील राठौर, शकुन राठौर, धर्मिन राठौर, तुलसी राठौर, प्रमिला राठौर, हुलसी राठौर, फिरतीन राठौर, सुशीला राठौर, संतोषी राठौर, मीना राठौर, सरोज राठौर, शेत बाई, अनीता राठौर, निशा राठौर, सुनीता राठौर, संगीता राठौर, सरला राठौर, ज्योति राठौर सहित बड़ी संख्या में महिला मंडल की सदस्य उपस्थित रहीं।
इस आयोजन ने दीपावली की खुशियों को साझा करने के साथ समाज में महिला एकता, प्रेम, सद्भावना एवं सामाजिक समरसता का सुंदर संदेश दिया।

