KORBA: कोसाबाड़ी हनुमान मंदिर में चोरी का खुलासा, नाबालिक बालक पकड़ा गया, चोरी की चांदी की चेन बरामद

 

कोरबा 7 नवंबर 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कोसाबाड़ी स्थित हनुमान मंदिर में हुई चोरी की दो घटनाओं को कोरबा पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है। पुलिस ने पहली घटना में संलिप्त एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। वहीं, चोरी की संपत्ति खरीदने के संदेह में एक व्यक्ति के कब्जे से चांदी की दो चेन भी बरामद की गई हैं।

थाना सिविल लाइन रामपुर में दोनों घटनाओं को लेकर धारा 331(4) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को पहली चोरी की घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में बालक ने अन्य साथियों के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों और चोरी गई संपत्ति के संबंध में पूछताछ कर रही है।

वहीं, चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त के संबंध में मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सुरेश निषाद (25 वर्ष), पिता स्वर्गीय गोविंद राम निषाद, निवासी भुलसीडीह के कब्जे से चोरी की चांदी की दो चेन बरामद की हैं। उसके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कोरबा पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान, शेष चोरी की संपत्ति की बरामदगी और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त में संलिप्त लोगों की तलाश जारी है। मामले में आगे की विवेचना एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2