सफलता की कहानी, सौर सुजला योजना से सकराली के किसान के जीवन में आई खुशहाली

 

सक्ती, 14 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। जिले के विकासखंड डभरा अंतर्गत ग्राम सकराली के किसान श्री अवध राम (पिता श्री साधु) की मेहनत और सौर सुजला योजना का सहयोग आज एक प्रेरणादायक सफलता की कहानी बन चुका है। क्रेडा विभाग के माध्यम से उनके खेत में 3 एच.पी. का सोलर सिंचाई पंप स्थापित किया गया, जिसने उनकी खेती और आय दोनों की दिशा बदल दी। सोलर पंप लगने से पहले श्री अवध राम डीजल पंप के सहारे खेती करते थे। डीजल की ऊँची कीमत के कारण वे केवल एक ही फसल ले पाते थे। एक एकड़ खेत की सिंचाई के लिए उन्हें लगभग 10 हजार रुपये तक डीजल पर खर्च करने पड़ते थे। इससे न केवल लागत बढ़ती थी, बल्कि डीजल पंप की खराबी और अनियमितता भी परेशानी का कारण बनती थी। सौर सुजला योजना का लाभ मिलने के बाद मात्र 10 हजार रुपये के अंशदान में सोलर पंप स्थापित हुआ। इससे डीजल पर होने वाला खर्च पूरी तरह समाप्त हो गया और सिंचाई की सुविधा सुचारु रूप से मिलने लगी। अब वे अपने खेत में वर्ष में दो फसल लेने लगे हैं। 

वर्तमान में श्री अवध राम एक एकड़ में आलू एवं गेहूं तथा 40 डिसमिल भूमि में परवल की खेती कर रहे हैं। इन फसलों से उन्हें लगभग 90 हजार रुपये का लाभ होने की उम्मीद है। इसके बाद धान की फसल से भी लगभग 60 से 70 हजार रुपये के मुनाफे का अनुमान है। इस प्रकार 1.4 एकड़ भूमि से उनकी वार्षिक आय लगभग 1.5 लाख रुपये तक पहुँचने की संभावना है। सोलर पंप की स्थापना ने न केवल उनकी खेती को लाभकारी बनाया है, बल्कि उनके परिवार की जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव लाया है। आज श्री अवध राम आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते हुए अन्य किसानों के लिए प्रेरणा स्रोत बन गए हैं। शासन द्वारा संचालित योजनाओं का यह सकारात्मक प्रभाव ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ऐसी योजनाएं किसानों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2