जांजगीर - चांपा 10 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़) जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण मेले में बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा हवाई झूला अचानक टूट गया, जिससे झूले पर सवार 6 लोग नीचे गिर पड़े। हादसे के दौरान झूले का एक भारी हिस्सा पास में घूम रही दो महिलाओं और एक बच्ची पर गिर गया, जिससे तीनों घायल हो गईं। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से शिवरीनारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार घायल युवतियां हसौद और ग्राम मलदा की रहने वाली हैं, जो मेला घूमने आई थीं।
सूचना मिलते ही शिवरीनारायण पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। एडिशनल एसपी उमेश कश्यप ने बताया कि हादसा दोपहर के समय हुआ, जब झूला चल रहा था। उन्होंने कहा कि पूर्व में झूला संचालकों को मेंटेनेंस और सुरक्षा जांच को लेकर नोटिस जारी किया गया था। हादसे के बाद झूले को तत्काल बंद करा दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

