कोरबा 10 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के एसईसीएल प्रभावित क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रलिया (थाना हरदीबाजार) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 25 वर्षीय बेटी ने अपने ही वृद्ध पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी बेटी गीता निषाद ने अपने पिता अशोक निषाद पर धारदार हंसिया से सीने और सिर पर जानलेवा हमला किया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक और आरोपी के बीच घरेलू विवाद की बात सामने आ रही है।
परिजनों ने बताया कि गीता निषाद वर्तमान में कोरबा में रहती थी और कुछ दिनों के लिए अपने पिता के घर ग्राम रलिया आई हुई थी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिता बेटी के जीवन-यापन और भरण-पोषण के तौर-तरीकों को लेकर नाराज़ थे और उसे गलत बताते हुए समझाइश दे रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो बाद में हिंसक रूप ले बैठा।
घटना की सूचना मिलते ही हरदीबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। निरीक्षक प्रमोद डडसेना ने टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी बेटी को हिरासत में ले लिया है और वारदात में प्रयुक्त हंसिया को जब्त कर लिया गया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


