बालोद 14 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज छत्तीसगढ़)। जिले के देवरी थाना क्षेत्र के फरदफोड़ गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यरत एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे घटनाक्रम से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरदफोड़ गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता के रूप में पदस्थ युवती के साथ कुछ समय पूर्व आरोपी युवक ने दुष्कर्म किया था। मामला थाने से लेकर अदालत तक पहुंचा, जहां आरोपी को सजा सुनाई गई थी। हाल ही में जेल से रिहा होने के बाद वह पीड़िता के प्रति रंजिश पालकर बैठा था।
बताया जा रहा है कि रिहाई के बाद आरोपी सीधे आंगनबाड़ी भवन पहुंचा और कार्यकर्ता पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद उसने वहीं फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई और पंचनामा के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

