KORBA BREAKING: चरित्र शंका में पति बना हैवान, पत्नी समेत माँ-बहन पर जानलेवा हमला, हालत नाजुक

 

कोरबा 14 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर के कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सीतामणी नहर किनारे वैष्णो दरबार के पास शनिवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। चरित्र शंका को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी, माँ और बहन पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।

जानकारी के अनुसार आरोपी रामेश्वर साहू ने अपनी पत्नी सुक्रिता के साथ पहले मारपीट की और फिर उस पर घातक वार कर दिया। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचीं उसकी माँ और बहन पर भी उसने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घर में मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए घर में प्रवेश किया और तीनों घायलों को बाहर निकालकर तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हमले में घायल पत्नी सुक्रिता की हालत नाजुक बताई जा रही है, जबकि माँ और बहन का भी इलाज जारी है।

मामले को लेकर सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी रामेश्वर साहू फरार है और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद बताया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे घटनाक्रम का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2