कोरबा 14 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत रसियन हॉस्टल के पास करीब 60 मीटर लंबे लोहे के पुल की चोरी मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी मुकेश साहू उर्फ ‘बरबट्टी’ आखिरकार कानून के शिकंजे में आ गया। आरोपी भेष बदलकर न्यायालय में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन उसकी चालाकी काम नहीं आई और उसे जेल जाना पड़ा।
17 आरोपी पहले ही गिरफ्तार, सरगना था फरार
लोहे के पुल को काटकर चोरी करने के इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। अब तक 2 नाबालिग समेत कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। गिरोह का मुख्य सरगना मुकेश साहू फरार चल रहा था, जिस पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित था।
फर्जी बिल केस में वारंट बना मुश्किल
इसी दौरान मुकेश साहू के खिलाफ कोर्ट में चल रहे धोखाधड़ी (फर्जी बिल प्रस्तुत करने) के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी हो गया। अग्रिम जमानत की रणनीति के तहत वारंट निरस्त कराना जरूरी था। न्यायालयीन सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने मुंह पर नकाब और सिर ढंककर भेष बदलते हुए अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में समर्पण किया और जमानत की मांग की।
न्यायालय ने जमानत मंजूर करते हुए जमानतदार पेश करने का आदेश दिया। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी प्रभारी और स्टाफ ने कोर्ट परिसर के बाहर घेराबंदी कर दी। गिरफ्तारी की आशंका देखते हुए आरोपी पक्ष जमानतदार पेश नहीं कर पाया, जिसके बाद न्यायालय ने उसे जेल भेजने का आदेश दे दिया।
प्रोडक्शन वारंट पर पुलिस रिमांड
जेल भेजे जाने के बाद सीएसईबी पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत प्रोडक्शन वारंट जारी करवाकर आरोपी को रिमांड पर लिया और फर्जी बिल प्रकरण में आवश्यक पूछताछ व औपचारिकताएं पूरी कीं। 12 फरवरी को पुनः उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
आपराधिक रिकॉर्ड पुराना
स्थानीय कबाड़ कारोबारियों के अनुसार, मुकेश साहू पिछले 10-12 वर्षों से कबाड़ चोरी के मामलों में सक्रिय रहा है। उसके खिलाफ कबाड़ चोरी और फर्जी बिल पेश करने के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं।
वर्ष 2014 में दीपका थाना क्षेत्र में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर खदान से कोयला चोरी के मामले में उसे 3 वर्ष की सजा हो चुकी है। इसके अलावा चेक बाउंस के दो अलग-अलग मामलों में 3 माह और 2 माह की सजा भी भुगत चुका है।
गुवाहाटी में छिपा होने की चर्चा
अस्पष्ट सूत्रों के अनुसार, फरारी के दौरान आरोपी गुवाहाटी में छिपा हुआ था। गिरफ्तारी वारंट जारी होने और अग्रिम जमानत की संभावनाएं कमजोर पड़ने के बाद उसे वापस बुलाकर कोर्ट में सरेंडर कराया गया।
घर पर चस्पा किया गया नोटिस
पुलिस ने मुकेश साहू को निगरानी बदमाश घोषित कर उसके घर पर नोटिस भी चस्पा किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

