KORBA: दीवार गिरने डेढ़ वर्षीय मासूम समेत तीन दबे, उपचार जारी

 

कोरबा 27 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली के पिछे लक्ष्मण बन तालाब के निकट निर्माणाधीन फ्लैट की पक्की बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा अचानक ढह जाने से डेढ़ वर्षीय मासूम सहित तीन लोग मलबे में दबकर घायल हो गए। मासूम की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना शाम करीब 6 बजे की है। तालाब के पास एक फ्लैट का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे स्थानीय लोग किसी डालमिया समूह से जुड़ा बता रहे हैं। फ्लैट के पिछले हिस्से में खाली जमीन पर लंबी-चौड़ी बाउंड्री वॉल बनाई गई थी, जिस पर कंटीले तार भी लगाए गए थे। बताया जा रहा है कि बाउंड्री वॉल के अंदर की ओर जेसीबी से मलबा और रेत को किनारे करने का काम चल रहा था। इसी दौरान जेसीबी का धक्का लगने से दीवार का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा।

हादसे के वक्त उस रास्ते से गुजर रहे लोग और पास में खेल रहा एक मासूम इसकी चपेट में आ गए। मलबे में दबने से स्थानीय निवासी डेढ़ वर्षीय धनेश कर्ष, संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) घायल हो गए। तीनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां मासूम की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना में एक युवक की मोटरसाइकिल और पास में खड़ी सवारी ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और नाराजगी जताई।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस टीम थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने संबंधित अधिकारियों को भी मामले से अवगत कराया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2