कोरबा 23 फरवरी 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़धुवा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। चरित्र पर शक के चलते हुए घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया और एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार आरोपी फूलजेन तिर्की अपने बड़े बेटे के साथ गोवा में मजदूरी करता था। वह बीती रात अपने गांव स्थित घर लौटा था। घर पहुंचते ही उसकी पत्नी गीता तिर्की (36 वर्ष) से किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। गुस्से में आरोपी ने लकड़ी के डंडे से पत्नी पर लगातार वार किए, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतका अपने छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थी, जबकि पति और बड़ा बेटा गोवा में काम करते थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना प्रभारी युवराज तिवारी के मुताबिक आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे इलाके में शोक के साथ आक्रोश व्याप्त है।

