कोरबा 21 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। 19 अप्रैल को मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के संस्थापक सदस्य एवं शिव औषधालय के संस्थापक स्व. पं. विद्याधर शर्मा की पुण्यतिथि के अवसर पर शहर में वृहद् निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, शिव औषधालय, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, नीमा एवं आयुष मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि चिकित्सालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन रहे, जबकि अध्यक्षता महापौर संजू देवी सिंह राजपूत ने की। पार्षद नरेंद्र देवांगन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम, भगवान धनवंतरी, भारत माता एवं स्व. पं. विद्याधर शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
शिविर में अस्थि खनिज घनत्व (BMD) जांच, नेत्र परीक्षण, मधुमेह, हीमोग्लोबिन जांच सहित आयुर्वेद चिकित्सा परामर्श और उपचार की निशुल्क सुविधा दी गई। कुल 252 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया गया। इनमें 117 लोगों की बीएमडी जांच, 72 लोगों की आंखों की जांच तथा 135 मरीजों की रक्त शर्करा जांच की गई, वहीं 63 लोगों का हीमोग्लोबिन परीक्षण भी किया गया।
मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है” और इस तरह के जनोपयोगी शिविर समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि “अच्छा स्वास्थ्य ही सच्चा धन है” और सभी को आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने की अपील की। शिविर के आयोजक नाड़ीवैद्य डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे जीवनशैली का आधार बताया।
शिविर में विभिन्न रोगों—नेत्र, ईएनटी, दंत, स्त्री रोग, शिशु रोग, चर्म रोग, वात एवं श्वास रोग—के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। साथ ही योग एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण भी दिया गया। गर्मी से राहत के लिए शीतल पेय “शीत सुधा शरबत” भी वितरित किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। मरीजों ने एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिलने पर संतोष जताते हुए आयोजकों और चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया।

