KORBA BREAKING: राखड़ डेम टूटा, राख के सैलाब में JCB समेत ऑपरेटर जिंदा दफन

 

कोरबा 19 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में एक गंभीर औद्योगिक हादसे ने क्षेत्र में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। एचटीपीपी के ग्राम झाबू स्थित राखड़ डेम के एक हिस्से के अचानक टूटने से वहां कार्यरत एक जेसीबी ऑपरेटर राख के बहाव में दब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सीएसईबी पश्चिम के डेम में दबाव बढ़ने से यह स्थिति बनी, जिसके चलते राख का तेज बहाव अचानक फैल गया। जेसीबी चला रहा ऑपरेटर खुद को संभाल पाता, उससे पहले ही वह मलबे की चपेट में आ गया। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन हालात बेहद चुनौतीपूर्ण थे।

घटना के बाद प्रबंधन और सुरक्षा दल मौके पर पहुंचे तथा राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। प्रशासन को भी सूचित कर दिया गया है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

पहले भी उठ चुके थे सुरक्षा को लेकर सवाल, फिर बड़ा हादसा

स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पहले भी राखड़ डेम की स्थिति को लेकर चिंता जताई जाती रही है, लेकिन समय रहते पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए।

यह हादसा औद्योगिक सुरक्षा मानकों और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और मामले की जांच की मांग तेज हो गई है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2