कोरबा 21 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रही दुर्घटनाओं में लोगों की जान जा रही है, जिससे आमजन में चिंता बढ़ती जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह नकटिखार बायपास मार्ग स्थित कचंदी नाला के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें बालको नगर निवासी दंपत्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बहरुराम रात्रे अपनी पत्नी के साथ गोढ़ी गांव में आयोजित दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कचंदी नाला के समीप एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने उनकी दुपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बहरुराम रात्रे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत मदद करते हुए 108 संजीवनी एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही उनकी पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है और उसकी तलाश जारी है।

