अंबिकापुर 10 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग में हुए दिल दहला देने वाले दुष्कर्म और हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आठ दिनों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी रायसिंह उर्फ पांडा (मिथुन) को पुलिस ने चिरमिरी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर कुल ₹35,000 का इनाम घोषित था।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि 2-3 अप्रैल की दरमियानी रात आरोपी ने महामाया द्वार के समीप फुटपाथ पर महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया, फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि महिला के शरीर पर अत्यंत गंभीर चोटें थीं—12 पसलियां टूटी हुई थीं, साथ ही फेफड़े और दिल को गंभीर नुकसान पहुंचा था। घटना की क्रूरता ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था।
जांच में क्या सामने आया?
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी और मृतका एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों साथ में कबाड़ बीनने का काम करते थे और आरोपी का महिला के घर आना-जाना भी था। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया।
पुलिस की कार्रवाई
सरगुजा आईजी द्वारा ₹30,000 और एसएसपी द्वारा ₹5,000 का इनाम घोषित किया था। आरोपी की तलाश के लिए 4 विशेष टीमें गठित किए गए थे। पूरे संभाग में फोटो और स्केच जारी किया गया। संदिग्ध लोकेशन पर ड्रोन कैमरों से सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे थे।
गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
आखिरकार पुलिस ने आरोपी को चिरमिरी से धर दबोचा। अब उसे लेने के लिए सरगुजा पुलिस टीम रवाना हो चुकी है। आरोपी से पूछताछ के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।
शहर में आक्रोश
इस जघन्य घटना को लेकर पूरे शहर में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की थी।

