कोरबा 5 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम में देरी को लेकर शुरू हुआ विवाद एक दर्दनाक घटना में तब्दील हो गया, जब मर्चुरी कर्मचारी की कथित पिटाई के बाद उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेंदरकोना निवासी एक व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया था। इस दौरान मृतक के परिजन और ग्रामीण पोस्टमार्टम शीघ्र कराने की मांग को लेकर दबाव बना रहे थे, जबकि मर्चुरी कर्मचारी अन्य शव को शिफ्ट करने में व्यस्त थे।
इसी बीच वरिष्ठ कर्मचारी बालचनैया ने परिजनों को कुछ समय इंतजार करने का अनुरोध किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जा रहा है कि इसी दौरान ग्राम बेंदरकोना के सरपंच और कर्मचारी के बीच तीखी बहस छिड़ गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
आरोप है कि गुस्से में आकर सरपंच ने कर्मचारी का सिर पकड़कर दीवार से पटक दिया, जिससे उसे गंभीर सिर की चोटें आईं। घटना के बाद घायल कर्मचारी अपने साथियों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, तबीयत बिगड़ने के कारण वे केवल आवेदन देकर वापस लौटे और उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल कर्मचारी को आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा था, लेकिन उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी रही। अंततः इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में भारी रोष है। परिजनों ने आरोपी सरपंच के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।
पुलिस ने मामले में आरोपी सरपंच के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है।

