सक्ती, 14 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता के थर्मल पावर प्लांट में मंगलवार को एक भीषण बॉयलर विस्फोट हो गया। इस दर्दनाक हादसे में कई मजदूरों के हताहत होने की आशंका है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अब तक 9 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है, जबकि प्रबंधन ने 4 मौतों की पुष्टि की है। हादसे में 40 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
राहत-बचाव कार्य तेज, घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का नेतृत्व किया।
प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस, चिकित्सा दल एवं अन्य आवश्यक संसाधनों को तुरंत सक्रिय किया गया, जिससे घायलों को प्राथमिकता के आधार पर अस्पताल पहुंचाया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है।
प्रशासन अलर्ट मोड में, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दे दिए हैं। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि हादसे के हर पहलू की गहन जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
कलेक्टर ने कहा कि “घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन की पूरी टीम तत्काल सक्रिय हो गई। घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया है और सभी को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है।”
श्रम मंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
राज्य के श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि हादसे के लिए जिम्मेदार दोषियों के खिलाफ श्रम कानूनों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुआवजे और सहायता का आश्वासन
सरकार ने मृतकों के परिजनों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार मुआवजा देने और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन भी दिया गया है।
जांच के बाद सामने आएंगे हादसे के कारण
प्रशासन और सरकार दोनों ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और राहत कार्य लगातार जारी है।




