सक्ति 14 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आई है। जिले के डभरा विकासखंड के सिंघीतराई स्थित वेदांता प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से भीषण हादसा हो गया। इस धमाके में 3 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
हादसा इतना भयावह था कि धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। ब्लास्ट के बाद पूरे प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मजदूरों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना के समय बड़ी संख्या में मजदूर ड्यूटी पर मौजूद थे, जिससे हताहतों की संख्या अधिक हो गई।
घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। घायलों को आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, करीब 5 से 6 मजदूरों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलते ही सक्ती जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हालात का जायजा लिया। प्लांट के अंदर युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी है। मलबे में अभी भी कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
👉 अपडेट जारी…

