कोरबा 13 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव इस बार भी शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुए। रविवार को हुए मतदान में कुल 813 मतदाताओं में से 757 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि 56 अनुपस्थित रहे। मतदान सुबह 8:30 बजे से शाम 4:00 बजे तक शांतिपूर्वक चला। वरिष्ठ, महिला एवं युवा अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी ने लोकतांत्रिक उत्साह को दर्शाया।
सोमवार सुबह से शुरू हुई मतगणना के साथ ही परिणाम सामने आने लगे। सबसे पहले कार्यकारिणी सदस्यों के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें करम प्रजापति (566 मत), शिव कुमार साहू (563 मत), श्रवण कुमार साहू (548 मत), तरुण कुमार राही (512 मत) और स्वपनिल शर्मा (459 मत) विजयी घोषित हुए। वहीं दीपेश साहू को 362 और आशीष कुमार बनाफर को 318 मत प्राप्त हुए।
अध्यक्ष पद पर गणेश कुलदीप ने एक बार फिर जीत का परचम लहराया। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय जायसवाल को 20 मतों से पराजित किया, जबकि शिव सोनी तीसरे स्थान पर रहे। इस जीत के साथ ही गणेश कुलदीप लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बने हैं, जबकि अब तक वे तीसरी बार इस पद पर निर्वाचित हो चुके हैं।
पुरुष उपाध्यक्ष पद पर भी कड़ा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें रवि शर्मा ने जीत दर्ज की। उन्हें 213 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी बी.पी. मोदी को 168 मत मिले। तीसरे प्रत्याशी बालक भैया को 138 मत प्राप्त हुए। रवि शर्मा ने 48 मतों के अंतर से यह चुनाव अपने नाम किया।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विजयी उम्मीदवारों को बधाइयाँ देने का सिलसिला शुरू हो गया।



