सक्ती, 14 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से हुए भीषण हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दुर्घटना में कई श्रमिकों की मृत्यु हो गई है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
वहीं, मुख्यमंत्री ने भी हादसे को अत्यंत पीड़ादायक और हृदय विदारक बताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुखद है और राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही, सभी घायलों के निःशुल्क और समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर राहत कार्य संचालित किया जा रहा है और घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बिलासपुर कमिश्नर को पूरे मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे के लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही, भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की सख्त समीक्षा और पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। राज्य सरकार पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

