कोरबा 21 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के सीएसईबी चौकी क्षेत्र स्थित टीपी नगर रेलवे फाटक के पास मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जब ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिला। सूचना मिलते ही फाटक पर तैनात कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद सीएसईबी चौकी पुलिस और रेलवे आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह राहगीरों की नजर ट्रैक पर पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद गेटमैन महावीर को सूचित किया गया। मृतक की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है और उसने पेंट-शर्ट पहन रखी थी। उसके पास से घर की चाबी भी बरामद हुई है, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि युवक ने चलती मालगाड़ी के सामने कूदकर जान दे दी, जिससे उसका शरीर बुरी तरह कट गया। शव की हालत अत्यंत गंभीर थी और शरीर के कुछ हिस्से अलग पाए गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। मामले में हर पहलू से जांच की जा रही है।
सीएसईबी चौकी प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। इसके लिए सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से जानकारी साझा की जा रही है, साथ ही आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ भी की जा रही है। पहचान होने के बाद ही घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

