कोरबा/ कटघोरा 01 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। लगभग एक वर्ष पूर्व अधिवक्ता के सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, 19 अप्रैल 2025 को पुरानी बस्ती कटघोरा निवासी अधिवक्ता राकेश पांडेय के घर में अज्ञात आरोपियों ने ताला तोड़कर चोरी की थी। आरोपियों ने घर से लगभग 10 तोला सोने के जेवरात, जिसमें रानी हार सेट, झुमके, सोने की चेन, चांदी की पायल तथा करीब 50 हजार रुपये नकद पार कर दिए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिरों के जरिए जांच में जुटी रही। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों—अमित खांडे और गौतम कुमार—को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर रानी हार सेट, झुमके, फैंसी चेन, चांदी की पायल, करीब 3000 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी अमित खांडे का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें, CCTV कैमरे चालू रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
कोरबा पुलिस ने दोहराया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, जिससे आमजन में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बना रहे।


