कोरबा 28 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। कोरबा-चांपा मार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ग्राम कोथारी और टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलटते हुए सड़क किनारे खड़ी हाइवा से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
इस हादसे में कार सवार तीन लोगों—मोंगरा सोनी (45 वर्ष), देवेंद्र सोनी (22 वर्ष) और ढाई वर्षीय मासूम प्रियांश—की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सभी मृतक कोरबा के बुधवारी काशीनगर बस्ती के निवासी थे और एक पारिवारिक कार्यक्रम (चौथिया रश्म) में शामिल होकर चांपा से लौट रहे थे।
कार में कुल छह लोग सवार थे। हादसे में अन्य तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो की स्थिति सामान्य है। घायलों का इलाज एनकेएच अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

