KORBA: दिव्या ज्वेलर्स चोरी कांड का खुलासा, संबलपुर से पकड़े गए 5 आरोपी

 

कोरबा 25 अप्रैल 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ज्वेलरी चोरी की घटना का महज 18 घंटे में खुलासा कर दिया। सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र के एमपीटी नगर स्थित दिव्या ज्वेलर्स में हुई चोरी के मामले में अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 3 महिलाएं शामिल हैं।

प्रार्थी अखिल कुमार देवांगन की रिपोर्ट पर दर्ज मामले में सामने आया कि तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचीं और आभूषण देखने के दौरान दुकानदार का ध्यान भटकाकर सोने के गहने चोरी कर फरार हो गईं।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर सूचना के आधार पर जांच करते हुए उड़ीसा के संबलपुर से आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में नासिर मोल्ला (41), सजना बीबी (40), मिथुन चक्रवर्ती (38), तापसी दास (38) और गुलापी दास (55), सभी निवासी उत्तर 24 परगना, पश्चिम बंगाल शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 4.5 लाख रुपये की सोने की ज्वेलरी और घटना में प्रयुक्त XUV300 कार बरामद की है।

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह पश्चिम बंगाल के राणाघाट, मालदा और सिलीगुड़ी सहित अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय रहा है। फिलहाल पुलिस अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है और जांच जारी है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2