कोरबा 02 मई 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। । जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। महिला नर्स पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना 27 मार्च 2026 की है, जब पम्पहाउस कॉलोनी निवासी नर्स आशा खेवरार सुबह करीब 10:40 बजे ड्यूटी पर जा रही थीं। तभी सीएसईबी चौक के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने पीछे से चाकू मारकर उनकी हत्या का प्रयास किया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद थाना सिविल लाइन रामपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन कर मामले की बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और टावर डंप डेटा के जरिए संदिग्ध मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। साथ ही सैकड़ों लोगों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
लगभग एक महीने की कड़ी मेहनत और तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल, एक विवो मोबाइल फोन और चाकू का कवर बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शक्ति कुमार सहीस (19 वर्ष), निवासी धनवार पारा, कोरबा के रूप में हुई है। एक अन्य आरोपी विधि से संघर्षरत बालक है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
कोरबा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सहयोग मिल सके।

