अवैध खनन पर सरकार का सख्त प्रहार, तीन जिलों में बड़ी कार्रवाई; 7 वाहन जब्त, शासकीय कार्य में बाधा डालने वालों पर एफआईआर

 

रायपुर, 23 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी है। राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा के अवैध दोहन, राजस्व क्षति और शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने जैसी गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

संचालक भौमिकी एवं खनिकर्म तथा केंद्रीय खनि उड़नदस्ता प्रभारी रजत बंसल के निर्देशन में 22 जून को केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने मनेन्द्रगढ़- चिरमिरी - भरतपुर, सूरजपुर और सरगुजा जिलों में व्यापक जांच अभियान चलाया। शिकायतों के आधार पर हुई कार्रवाई में अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त सात वाहनों को जब्त किया गया।

जांच के दौरान बरबसपुर क्षेत्र में निम्न श्रेणी चूना पत्थर से लदे दो हाइवा, लटोरी में रेत से भरा एक हाइवा तथा खड़गवां में एक टिप्पर पकड़ा गया। वहीं सरगुजा जिले के सकालो और अंबिकापुर क्षेत्र में रेत परिवहन कर रहे तीन टिप्परों पर भी कार्रवाई की गई। सभी वाहनों को खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत जब्त कर संबंधित थानों में सुरक्षित रखा गया है।

अभियान के दौरान अंबिकापुर के गांधी चौक क्षेत्र में जांच टीम के साथ अभद्र व्यवहार और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला भी सामने आया। वाहन मालिक, चालक और उनके सहयोगियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत थाना गांधीनगर में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

खनिज विभाग ने दोहराया है कि अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व हितों की रक्षा के लिए प्रदेशभर में निगरानी और प्रवर्तन व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2