कोरबा 15 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई। भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष शिव बालक सिंह तोमर पर कथित रूप से पुरानी रंजिश के चलते हमला किया गया, जिसमें उनके दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि जिला पंचायत सदस्य रज्जाक अली ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला किया।
घटना में घायल शिव बालक सिंह तोमर को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घायल नेता ने पुलिस को दिए बयान में रज्जाक अली और उसके साथियों के नाम बताए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रज्जाक अली और तोमर के भतीजे के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी विवाद को सुलझाने के उद्देश्य से शिव बालक सिंह तोमर ने बातचीत की पहल की थी। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 12 बजे रज्जाक अली ने तोमर को अपने वाहन में बैठाकर चर्चा के लिए ले जाने की बात कही। आरोप है कि रास्ते में वाहन रोककर उनके साथ मारपीट की गई और स्टील रॉड से उनके पैरों पर वार किए गए, जिससे दोनों पैर गंभीर रूप से चोटिल हो गए।
घटना के बाद तोमर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस घायल का बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है। इस घटना के सामने आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मंत्री लखनलाल देवांगन सहित भाजपा नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर जाना हालचाल
घटना की जानकारी मिलते ही प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत समेत कई भाजपा नेता मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और शिव बालक सिंह तोमर का हालचाल जाना।
मंत्री देवांगन ने चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा पुलिस प्रशासन से मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान पूर्व महापौर जोगेश लाम्बा, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, पार्षद नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, पार्षद अजय चंद्रा, लक्ष्मण श्रीवास, मंडल अध्यक्ष डिलेन्द्र यादव, राजेश राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

