कोरबा, 18 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। शहर के थाना सिविल लाइन रामपुर में 15 जून 2026 को अपराध क्रमांक 550/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 351(3), 109(1), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के अंतर्गत कुख्यात अपराधी रज्जाक अली एवं उसके सहयोगियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।
प्रार्थी शिवबालक सिंह तोमर की शिकायत के अनुसार जिला जेल कोरबा के समीप पुरानी रंजिश के चलते रज्जाक अली और उसके साथियों ने उनका रास्ता रोककर अभद्रता की, जान से मारने की धमकी दी तथा हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में प्रार्थी के दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रज्जाक अली को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गवाहों को धमकाने और न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित करने का आरोप
विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी रज्जाक अली द्वारा प्रकरण के गवाहों एवं संबंधित व्यक्तियों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आरोपी द्वारा उन्हें धमकाकर बयान बदलवाने तथा न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किए जाने के साक्ष्य मिलने पर उसके विरुद्ध धारा 296 एवं 351(3) बीएनएस के तहत एक पृथक अपराध भी दर्ज किया गया है।
तीन दशकों से अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा आरोपी
पुलिस अभिलेखों के अनुसार रज्जाक अली के विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में पिछले लगभग 30 वर्षों के दौरान हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, बलवा, मारपीट, आगजनी, अवैध हथियार रखने, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक्स एक्ट, लोक सेवकों के कार्य में बाधा पहुंचाने तथा अन्य गंभीर अपराधों के अनेक मामले दर्ज हैं। उसकी आपराधिक गतिविधियों के कारण क्षेत्र में लंबे समय से भय और असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है।
जिला बदर और NSA के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू
आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों एवं लोक शांति व्यवस्था के लिए उत्पन्न खतरे को देखते हुए कोरबा पुलिस ने उसके विरुद्ध जिला बदर (Externment) की कार्रवाई हेतु प्रतिवेदन तैयार कर जिलाधीश कार्यालय को भेज दिया है।
इसके अतिरिक्त आरोपी की आपराधिक पृष्ठभूमि और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कठोर कार्रवाई के लिए प्रस्ताव तैयार कर अग्रिम प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तथा आम जनता में भय का माहौल पैदा करने वाले अपराधियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

