रायपुर में एनएचएम कर्मचारियों का महासम्मेलन, सीएम साय ने सराहा योगदान, कहा- स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं कर्मचारी

 

रायपुर 13 जून 2026 ( नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। राजधानी रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारी संघ के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे एनएचएम कर्मचारियों के साथ संवाद करते हुए सरकार ने उनके हितों और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने एनएचएम कर्मचारियों को बड़ी सौगात देते हुए उनकी 33 दिनों की हड़ताल अवधि का वेतन दिए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का कर्मचारियों ने जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा जनस्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में एनएचएम कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की “रीढ़ की हड्डी” बताते हुए कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता और गुणवत्तापूर्ण उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जिसमें एनएचएम कर्मचारियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि महासम्मेलन के दौरान एनएचएम कर्मचारियों के साथ उनकी मांगों, सुझावों और भविष्य की योजनाओं पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा, उनके कार्य परिवेश में सुधार तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि एनएचएम कर्मचारी प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके बिना स्वस्थ समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। प्रदेश सरकार कर्मचारियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनके कल्याण तथा स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करने वाले कर्मयोगियों के हितों की रक्षा कर उनके भविष्य को बेहतर बनाया जाए, ताकि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था और अधिक प्रभावी, सशक्त एवं जनोन्मुखी बन सके।

इस अवसर पर विधायक श्री पुरंदर मिश्रा सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, एनएचएम कर्मचारी संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2