छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था के सिपाहियों को बड़ा तोहफा: NHM कर्मचारियों को अब मिलेगा 2 करोड़ तक का बीमा कवर

 

20 जून 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ की राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के कर्मचारियों को दो करोड़ तक बीमा कवर का लाभ मिलेगा। राज्य शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। इससे 18 हजार से अधिक कर्मचारियों और उनके स्वजन को लाभ मिलेगा। राजधानी के इंडोर स्टेडियम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एनएचएम कर्मचारी महासम्मेलन में 13 जून को इसकी घोषणा की थी।

बैंक आफ इंडिया से हुआ एमओयू

बैंक आफ इंडिया (बीओआइ) की ओर से कर्मचारियों के लिए एमओयू (समझौता ज्ञापन) जारी किया गया है। इस योजना में दुर्घटना, स्थायी विकलांगता और सामान्य मृत्यु जैसी परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा का प्रविधान किया गया है। कर्मचारियों को व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा से लेकर स्थायी पूर्ण और आंशिक विकलांगता तक के लिए बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा हवाई दुर्घटना बीमा, बाल शिक्षा सहायता और हेल्थ इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं भी योजना में शामिल हैं।

बैंक ऑफ इंडिया में खाता अनिवार्य

एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेशाध्यक्ष डा. अमित कुमार मिरी ने बताया कि इन सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए कर्मचारी का वेतन खाता बैंक आफ इंडिया में सेलरी अकाउंट के रूप में होना आवश्यक है। प्रथम वेतन प्राप्ति के बाद एमओयू के प्रविधान लागू हो जाएंगे।

बीमा योजना के तहत मिलने वाले लाभ

1. व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा (मृत्यु होने की दशा में): 1.40 करोड़ रुपये तक

2. स्थायी पूर्ण विकलांगता: 1.40 करोड़ रुपये तक

3. स्थायी आंशिक विकलांगता: 70 लाख रुपये तक

4. हवाई दुर्घटना बीमा (मृत्यु होने की दशा में): दो करोड़ रुपये तक

5. बाल शिक्षा लाभ: प्रति बच्चा पांच लाख, अधिकतम दो बच्चों के लिए 10 लाख तक

6. समूह सावधि जीवन बीमा: सामान्य मृत्यु की स्थिति में छह लाख

7. स्वास्थ्य बीमा योजना लाभ: बाजार से रियायती दरों पर उपलब्ध

8. 18 हजार से अधिक संविदा और दैवेभो कर्मी

छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत वर्तमान में 18,000 से अधिक संविदा और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी कार्यरत हैं। इन अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्य कर्मियों में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, एएनएम (ANM), जीएनएम (GNM), लैब तकनीशियन, प्रबंधकीय स्टाफ और डेटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हैं। यह विशाल जनशक्ति राज्य के सुदूर वनांचल क्षेत्रों से लेकर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है। इतने बड़े पैमाने पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए इस बीमा कवर की घोषणा सीधे तौर पर 18,000 से अधिक परिवारों को सामाजिक व आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगी और राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।एनएचएम कर्मियों को मिलेगा भारी-भरकम बीमा कवर।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2