रायपुर/ रायगढ़ 09 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। छत्तीसगढ़ की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र की कांग्रेस विधायक विद्यावती सिदार के पति कुंजबिहारी सिदार का निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और रायपुर के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
कुंजबिहारी सिदार के निधन की खबर मिलते ही परिवार, समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन से लैलूंगा क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। परिजनों के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार आज उनके गृहग्राम कुंजेमुरा में किया जाएगा।
राजनीतिक परिवार से रहा गहरा जुड़ाव
कुंजबिहारी सिदार का परिवार लंबे समय से राजनीति से जुड़ा रहा है। उनके पिता प्रेम सिंह सिदार लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं। राजनीतिक पृष्ठभूमि के चलते सिदार परिवार की क्षेत्र की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय भूमिका रही है।
कुंजबिहारी सिदार अपने पीछे एक पुत्र अभिषेक सिदार और एक पुत्री प्रेरणा सिदार छोड़ गए हैं।
उनके निधन की खबर के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। नेताओं ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

.jpeg)
