कोरबा 15 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। लगातार बारिश के चलते जिले के बांगो जलाशय में जलभराव 93 प्रतिशत से अधिक हो गया है। जलाशय में पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए बांगो डेम के 3 गेट खोल दिए गए हैं, जिनसे करीब 3005 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। बांगो से पानी छोड़े जाने के बाद दर्री बांध से भी पानी छोड़े जाने की संभावना है, जिससे हसदेव नदी का जलस्तर बढ़ सकता है। इसे देखते हुए प्रशासन ने हसदेव नदी के किनारे एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट जारी करते हुए सतर्क रहने और नदी के आसपास जाने से बचने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

