👉 दोस्त से शारीरिक संबंध से इनकार करने पर हत्या कर शव को जलाया।
कोरबा 10 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। थाना कटघोरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुमरमुड़ा के पास 08 अगस्त 2026 को एक अज्ञात महिला का जला हुआ शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने घटना के शीघ्र खुलासे और मृतिका की पहचान सुनिश्चित करने के लिए थाना कटघोरा एवं साइबर पुलिस थाना की टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं पुलिस टीम घटनास्थल पर कैंप कर लगातार जांच में जुटी रही।
पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा श्री नितेश कुमार ठाकुर एवं एसडीओपी कटघोरा श्री विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना कटघोरा और साइबर थाना कोरबा की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की।
🔹 मृतिका की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन पूछताछ की। साथ ही थाना क्षेत्र में दर्ज गुम इंसान के प्रकरणों की जानकारी जुटाई गई और शव के हुलिए के आधार पर मृतिका की पहचान के प्रयास किए गए।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि ग्राम अमलडिहा, थाना कटघोरा निवासी एक महिला शुक्रवार रात से लापता है। इसके बाद पुलिस टीम ने महिला की पहचान और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों के संबंध में जानकारी जुटानी शुरू की।
🔹 जांच में सामने आए अहम तथ्य
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना से पहले शाम को ग्राम अमलडिहा निवासी किरण कुमार पटेल, पिता चैतराम पटेल एवं अजय कुमार धनवार को महिला के साथ देखा गया था।
जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों की तलाश शुरू की। घटना के बाद दोनों के फरार होने की जानकारी सामने आई। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर उनकी पतासाजी शुरू की और किरण कुमार पटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान किरण कुमार पटेल ने शुरुआत में घटना में अपनी संलिप्तता से इनकार किया। हालांकि, पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों के संबंध में गहन पूछताछ किए जाने पर उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि घटना के दिन दोनों आरोपी महिला को घटनास्थल की ओर ले गए थे। वहां तीनों ने शराब का सेवन किया। इसके बाद महिला और अजय कुमार धनवार के बीच पूर्व से संबंध होने की बात सामने आई। बाद में किरण कुमार पटेल द्वारा महिला की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किए जाने पर विवाद हुआ।
पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के दौरान दोनों आरोपियों ने मिलकर महिला की हत्या कर दी। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गए।
🔹 एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किरण कुमार पटेल, पिता चैतराम पटेल, निवासी ग्राम अमलडिहा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा को विधिवत गिरफ्तार किया है।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 296/2026, धारा 103(1) BNS के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ जारी है। पुलिस द्वारा मामले में तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
वहीं घटना में शामिल दूसरा आरोपी अजय कुमार धनवार, पिता किताब धनवार, निवासी अमलडिहा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
🔹 तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने मामले में उपलब्ध भौतिक, परिस्थितिजन्य एवं तकनीकी साक्ष्यों को एकत्र कर उनका विश्लेषण किया। इन साक्ष्यों के आधार पर घटना की विभिन्न कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


