KORBA: CCTV ने खोला दुकान चोरी का राज: उरगा पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 2 नाबालिगों को पकड़ा, ₹9 हजार नगद बरामद

 

कोरबा 09 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़)। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत उरगा पुलिस ने दुकान में हुई चोरी का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई लोहे की सरिया, स्कूटी और चोरी की गई ₹9 हजार की नगदी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम बरपाली स्थित एक दुकान में 7 अगस्त 2026 की रात चोरी हुई थी। अगले दिन सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक ने शटर का ताला टूटा हुआ देखा। दुकान की जांच करने पर अंदर रखी नगदी गायब मिली। शिकायत के आधार पर उरगा पुलिस ने अपराध क्रमांक 449/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV फुटेज से मिला सुराग

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मिले महत्वपूर्ण सुरागों के साथ तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बिलासपुर गए थे और वहां से लौटते समय बरपाली स्थित दुकान पर उनकी नजर पड़ी। दुकान का शटर बंद था, लेकिन शटर और जमीन के बीच जगह दिखाई देने पर उन्होंने चोरी की योजना बनाई।

आरोपियों ने मड़वारानी के पास से लोहे की सरिया ली और उसी की मदद से दुकान का शटर उठाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद दुकान में रखी नगदी लेकर मौके से फरार हो गए।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में युवराज सिंह राजपूत (19 वर्ष), पिता दीनदयाल सिंह राजपूत, निवासी 15 ब्लॉक पंप हाउस, कोरबा को गिरफ्तार किया है। उसके साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लोहे की सरिया, घटना में इस्तेमाल स्कूटी और चोरी की गई ₹9,000 की नगदी बरामद की है। मुख्य आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से खुलासा

दुकान चोरी के इस मामले को सुलझाने में CCTV फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों और पुलिस के मुखबिर तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा किया।

कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा–सतर्क कोरबा” अभियान के तहत चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

Ads 1

Ads1

Ads 2

Ads2