कोरबा 01 अगस्त 2026 (नवचेतना न्यूज़ छत्तीसगढ़) शहर के पोड़ीबहार स्थित गीता देवी मेमोरियल इंग्लिश स्कूल में चोरी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने पहले स्कूल परिसर में बैठकर शराब पार्टी की और इसके बाद स्कूल का आवश्यक सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना का खुलासा शनिवार सुबह उस समय हुआ, जब स्कूल के शिक्षक और कर्मचारी परिसर पहुंचे।
स्कूल परिसर में शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल गिलास और अन्य इस्तेमाल की गई सामग्री बिखरी मिली। जब कर्मचारियों ने स्कूल का निरीक्षण किया तो पता चला कि स्कूल का आवश्यक सामान और अन्य सामग्री गायब है। घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
स्कूल प्रबंधन ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थान में इस तरह की वारदात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। वहीं पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। चोरी गए सामान का विवरण भी जुटाया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।


